Wednesday, 26 August 2026

SMS अस्पताल पहुंचे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, किरोड़ी लाल मीणा का जाना हाल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोन पर की बात


SMS अस्पताल पहुंचे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, किरोड़ी लाल मीणा का जाना हाल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोन पर की बात

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने 26 अगस्त को जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) पहुंचकर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सा मंत्री ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से डॉ. मीणा के स्वास्थ्य, चल रहे उपचार और जरूरी जांचों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोन पर जाना हाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से टेलीफोन पर बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी।मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उपचार से जुड़ी स्थिति की जानकारी ली।

स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आने के बाद SMS में भर्ती

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की स्वाइन फ्लू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उनका उपचार कर रही है और स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कृषि मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए SMS मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल व कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा, उन्हें बुखार और सांस लेने में थोड़ी तकलीफ के कारण भर्ती किया गया था। जांच में उन्हें स्वाइन फ़्लू होने की पुष्टि हुई, जिसके लिए उन्हें भर्ती किया गया। अभी उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। हमने उन्हें ICU में आइसोलेट किया है और 5 डॉक्टरों की एक टीम बनाई है जो उनकी देखभाल कर रही है। 

खींवसर बोले—शीघ्र स्वस्थ होकर जनसेवा में लौटें

चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने डॉ. मीणा के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वे जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय हों।डॉ. मीणा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद भाजपा नेताओं, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों की ओर से भी लगातार उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts