Wednesday, 26 August 2026

सांगानेर में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बांधे रक्षासूत्र, कांग्रेस को दी ‘2 साल बनाम 5 साल’ पर बहस की चुनौती


सांगानेर में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बांधे रक्षासूत्र, कांग्रेस को दी ‘2 साल बनाम 5 साल’ पर बहस की चुनौती

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सांगानेर के मानसरोवर में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पांच साल में राजस्थान को भ्रष्टाचार, पेपरलीक और बिगड़ी कानून-व्यवस्था दी, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार कर पानी, बिजली, रोजगार, किसान और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में मजबूत नींव रखी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधे। मुख्यमंत्री ने माताओं-बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के संकल्प को मजबूत करने का भी अवसर है।

‘2 साल बनाम 5 साल’ का जवाब दे कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में ‘2 साल बनाम 5 साल’ का रिपोर्ट कार्ड रखकर अपनी योजनाओं और कार्यों की तुलना पूर्ववर्ती सरकार से की थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता इस पर बहस करने के बजाय मैदान छोड़कर चले गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने पांच साल के कार्यकाल का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने रखे और फिर जनता खुद तय करेगी कि किस सरकार ने ज्यादा काम किया।

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, पेपरलीक और गैंगस्टरवाद के आरोप

भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय युवाओं का भरोसा टूट गया था और पेपरलीक ने भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गैंगस्टर खुलेआम आतंक फैलाते रहे और सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने पेपरलीक पर अंकुश लगाया और रिकॉर्ड भर्तियों की दिशा में काम किया।

वन स्टेट, वन इलेक्शन का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की ओर से दावा किया जाता था कि राजस्थान में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ संभव नहीं है, लेकिन सरकार अब इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने इसे चुनावी और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव के रूप में पेश किया।

दो लाख करोड़ से ज्यादा की जल परियोजनाओं पर काम

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पानी की उपलब्धता को लेकर कहा कि सभी जिलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दो लाख करोड़ रुपए से अधिक की जल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

उन्होंने लगभग एक लाख करोड़ रुपए की रामजल सेतु लिंक परियोजना और करीब 34 हजार करोड़ रुपए के यमुना जल समझौते का जिक्र किया।

इसके अलावा इंदिरा गांधी नहर और गंग नहर के सुदृढ़ीकरण, उदयपुर क्षेत्र की देवास योजना, जवाई बांध में सोम-कमला-अंबा से पानी पहुंचाने और ब्राह्मणी नदी से बीसलपुर में पानी लाने की योजनाओं का भी उल्लेख किया।

किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने दावा किया कि फिलहाल प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

युवाओं के लिए 4 लाख सरकारी नौकरियों का संकल्प

भजनलाल शर्मा ने रोजगार को लेकर कहा कि सरकार ने युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरियां देने का संकल्प लिया है। उनके अनुसार अब तक 1 लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं, 1 लाख 22 हजार नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं और लगभग 70 हजार नई भर्तियों की तैयारी की जा रही है।

किसानों के लिए योजनाओं का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और एमएसपी पर बोनस जैसी योजनाओं के जरिए किसानों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय और कृषि क्षेत्र की मजबूती के लिए लगातार काम कर रही है।

महिला सशक्तीकरण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, समृद्धि और ज्ञान का स्वरूप माना गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, घर-घर शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

सांगानेर में विकास कार्यों का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में भी स्थानीय जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप कई विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से विकास की गति को और तेज करने में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, पूर्व विधायक शंकर सिंह राजपुरोहित, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न मेहता सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 26 अगस्त को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के मानसरोवर स्थित आनंद महल में कार्यकर्ताओं के साथ रक्षाबंधन मनाया,सांगानेर में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बांधे रक्षासूत्र,
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 26 अगस्त को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के मानसरोवर स्थित आनंद महल में कार्यकर्ताओं के साथ रक्षाबंधन मनाया,सांगानेर में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बांधे रक्षासूत्र,
Previous
Next

Related Posts