



जयपुर। वैशाली नगर थाना इलाके के एक होटल के कमरे से ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मेलोडी होटल के रूम नंबर 204 में दबिश देकर दो युवकों और एक युवती को पकड़ा है। मौके से 2 लैपटॉप, एक टैबलेट और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन पैसे लगवाकर सट्टा संचालित कर रहे थे।
पकड़े गए लोगों की पहचान नेपाल के पर्वत जिले के कुर्गा गांव निवासी अशोक पौडेल, नेपाल के बाड़गंगा जिले के पड़रिया गांव निवासी परीना गिरी (23) और पुणे, महाराष्ट्र निवासी पवन वैष्णव (38) के रूप में हुई है।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार मंगलवार को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मेलोडी होटल के रूम नंबर 204 में दबिश दी। कमरे में दो युवक और एक युवती मिले।
पुलिस की पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट और अन्य खेलों पर लोगों से पैसे लगवाकर सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर कार्रवाई से बचने के लिए समय-समय पर अपना ठिकाना बदलते रहते थे।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से उस दिन के करीब 6 लाख रुपए के लेन-देन का हिसाब मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में महीने का अनुमानित कारोबार करीब 18 लाख रुपए बताया गया है।
पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े गए तीनों लोगों और बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को आगे की कार्रवाई के लिए वैशाली नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट की जांच कर रही है। इनके जरिए ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल किए जा रहे अकाउंट, लेन-देन, संपर्क और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच करेगी कि सट्टे के लिए रकम किस माध्यम से ली जा रही थी और इसके तार किन-किन शहरों या राज्यों से जुड़े हैं।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार मामले में आर्थिक पहलुओं की भी जांच की जाएगी। पुलिस का फोकस ऑनलाइन सट्टे के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।
बाहर से जयपुर आकर होटल के कमरे से कथित ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने के इस मामले के बाद पुलिस होटल में कमरा बुक कराने से लेकर आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की भी जांच कर रही है।