



टोंक। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मीडिया सलाहकार हिरेन जोशी ने शनिवार को टोंक में परम पूज्य गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा से मुलाकात कर आध्यात्मिक चर्चा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। यह विशेष आयोजन टोंक स्थित सोनी फार्म हाउस में हुआ, जहां देश के विभिन्न हिस्सों के साथ दुबई से भी श्रद्धालु पहुंचे।
इस अवसर पर दुबई के प्रतिष्ठित व्यापारी पंकज भाई पटेल ने भी गुरुदेव से मुलाकात कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
टोंक प्रवास के दौरान हिरेन जोशी ने एक निजी होटल में स्थानीय मीडियाकर्मियों से भी संवाद किया। इस दौरान राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, मीडिया से जुड़े मुद्दों और जनसंचार की भूमिका पर चर्चा हुई।
मीडियाकर्मियों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं सामने रखीं। संवाद के दौरान सरकार और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय तथा जनहित की सूचनाओं को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए कोलकाता, मुंबई, गुजरात, बंगाल, सीकर, झुंझुनूं, वाराणसी, लखनऊ, दिल्ली, गुरुग्राम और असम सहित विभिन्न शहरों और राज्यों से करीब 200 श्रद्धालु सोनी फार्म हाउस पहुंचे।
दुबई से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने भी आयोजन को विशेष बनाया।
गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा ने श्रद्धालुओं से आध्यात्मिक संवाद करते हुए जीवन में सत्य, संस्कार, सेवा, सद्भाव और सनातन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाती है और जीवन में सेवा तथा सद्भाव का मार्ग अपनाना ही वास्तविक सार्थकता है।
कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक चर्चा को प्रेरणादायी बताया। उनका कहना था कि गुरुदेव के आशीर्वचनों से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में नई दिशा मिलती है।
सोनी फार्म हाउस में आयोजित यह आध्यात्मिक मिलन श्रद्धा, संस्कार और सनातन चेतना का संगम बना, जहां देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद लिया।