Saturday, 22 August 2026

जयपुर में बेटे ने मां के साथ मिलकर पिता की कुल्हाड़ी से हत्या की, शव ठिकाने लगाने की भी थी तैयारी


जयपुर में बेटे ने मां के साथ मिलकर पिता की कुल्हाड़ी से हत्या की, शव ठिकाने लगाने की भी थी तैयारी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में गिरफ्तार पत्नी और बेटे से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार शराब पीकर आए दिन झगड़ा करने से परेशान बेटे ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने खून के निशान मिटाए और शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर ठिकाने लगाने की तैयारी भी कर ली थी।

लेकिन शव को ले जाने के लिए बुलाए गए टैक्सी चालक को संदेह हो गया और इसी वजह से हत्या का मामला छिप नहीं सका। बाद में आरोपी बेटा शव को कंधे पर उठाकर करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक आया।

मां-बेटे को किया गया गिरफ्तार

डीसीपी साउथ राजर्षिराज वर्मा के अनुसार हत्या के आरोप में मृतक के बेटे सवाईराम जाट (40) और उसकी मां सजना उर्फ सजनी (70) निवासी टोडारायसिंह, टोंक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक परिवार करीब 10 साल पहले गांव की जमीन बेचकर जयपुर आया था और जेडीए कॉलोनी गोविन्दपुरा में मकान बनाकर रह रहा था।

शराब पीकर झगड़ा करने से परेशान था परिवार

पूछताछ में सामने आया कि मृतक शराब पीने के बाद परिवार से झगड़ा करता था। इसी को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था। पुलिस के अनुसार वारदात के दिन भी विवाद हुआ, जिसके बाद बेटे ने मां के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर दिया। चोटें गंभीर होने के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई।

खून साफ किया, शव को कट्टे में बांधा

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने वारदात के सबूत मिटाने का प्रयास किया। घर में पड़े खून के निशान साफ किए गए और शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांध दिया गया। इसके बाद शव को किसी दूसरी जगह ले जाकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई।

टैक्सी चालक को हुआ शक

पुलिस जांच में सामने आया कि शव को ले जाने के लिए टैक्सी बुलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन चालक को स्थिति संदिग्ध लगी। इसी वजह से आरोपी शव को वाहन से दूर नहीं ले जा सके। पुलिस से बचने की कोशिश में सवाईराम शव को खुद कंधे पर उठाकर घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में डाल आया।

हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

सांगानेर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस अब वारदात की पूरी टाइमलाइन, आरोपियों की भूमिका और हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Previous
Next

Related Posts