



जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास (IAS) को केंद्र सरकार ने छह महीने का सेवा विस्तार दे दिया है। वर्ष 1989 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी श्रीनिवास अब 28 फरवरी 2027 तक राजस्थान के मुख्य सचिव पद पर बने रहेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को समाप्त होने वाला था।
भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने 20 अगस्त 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। केंद्र ने राजस्थान सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सेवा विस्तार की अनुमति दी है।
केंद्र सरकार के आदेश के मुताबिक वी. श्रीनिवास को 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। यह सेवा विस्तार अखिल भारतीय सेवा (मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति लाभ) नियम, 1958 के नियम 16(1) के तहत मंजूर किया गया है।
आदेश में बताया गया है कि राजस्थान सरकार की ओर से मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास का कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय/राजस्थान सरकार के 23 जुलाई 2026 के पत्र के माध्यम से भेजे गए प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने अपनी स्वीकृति प्रदान की।
DoPT के अवर सचिव राजेश कुमार यादव की ओर से जारी पत्र राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को भेजा गया है।
वी. श्रीनिवास 1989 बैच के राजस्थान कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। छह महीने का एक्सटेंशन मिलने के बाद अब प्रदेश के प्रशासनिक मुखिया के रूप में उनका कार्यकाल फरवरी 2027 के अंत तक जारी रहेगा। मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्यकाल बढ़ाए जाने से राज्य सरकार को प्रशासनिक स्तर पर निरंतरता भी मिलेगी।
