



वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि मुकेश काका ने समस्याएं सुनीं, महासंघ को और विस्तार देने पर जोर
जयपुर। मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी एकीकृत विकास महासंघ की दूसरी बैठक वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की करीब 30 विकास समितियों तथा फ्लैट सोसाइटियों के अध्यक्ष और सचिवों ने भाग लिया और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं तथा सुझावों पर अपने विचार साझा किए। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में मुकेश काका उपस्थित रहे। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा बताया कि महासंघ की पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों को मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस तक पहुंचा दिया गया है। बैठक में तय किया गया कि भविष्य में पत्रकार कॉलोनी एकीकृत विकास महासंघ का और विस्तार कर इसे अधिक व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप दिया जाएगा। क्षेत्र की अधिक से अधिक विकास समितियों, कॉलोनियों और फ्लैट सोसाइटियों को महासंघ से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। महासंघ का उद्देश्य क्षेत्र की विभिन्न आवासीय इकाइयों को एक साझा मंच पर लाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महासंघ की बैठक प्रति माह एक बार आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में पिछली समस्याओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे क्षेत्र की समस्याओं को नियमित रूप से चिन्हित कर संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। बैठक में महासंघ से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जनहितकारी कार्यक्रमों एवं विकास योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने पर भी सहमति बनी। बैठक में यह भी कहा गया कि सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के नेतृत्व और विकास कार्यों के प्रति सकारात्मक वातावरण को मजबूत करने के लिए महासंघ लगातार जनसंपर्क और समन्वय का कार्य करेगा। बैठक में उपस्थित विभिन्न विकास समितियों और सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने महासंघ की इस पहल की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों की समस्याओं को एक साझा मंच पर रखकर उनका समाधान तलाशने की यह पहल क्षेत्र के विकास के लिए उपयोगी साबित होगी। महासंघ को संगठित और सक्रिय स्वरूप देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए कमल बेनीवाल, हंसराज मिश्रा, मदन माकड़ी और पुष्पेंद्र शर्मा के योगदान की भी सराहना की गई और उन्हें साधुवाद दिया गया। बैठक में सड़क, सफाई, सीवरेज, जलापूर्ति, बिजली, यातायात तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। विभिन्न प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को महासंघ के समक्ष रखा। महासंघ ने इन विषयों को क्रमबद्ध रूप से संबंधित विभागों और सरकार तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया।महासंघ को दिया जाएगा और व्यापक स्वरूप
हर महीने होगी बैठक, आगे की रणनीति पर होगा विचार
‘सबका साथ, सबका विकास’ रहेगा प्रमुख उद्देश्य
सभी ने पहल की सराहना की
स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा साझा मंच