


निम्बाहेड़ा में अटल गौरव स्मृति समारोह, 15 जिलों के ₹5,659 करोड़ के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, शाह बोले—भजनलाल सरकार के तीन बड़े जल समझौतों से बुझेगी आधे राजस्थान की प्यास
चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को निम्बाहेड़ा में कहा कि जल जीवन मिशन ने राजस्थान के गांवों की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले केवल करीब 11 लाख घरों तक नल से पानी पहुंचता था, जबकि पिछले आठ वर्षों में यह संख्या बढ़कर 64 लाख घरों तक पहुंच गई है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह में अमित शाह ने 15 जिलों के 5 हजार 659 करोड़ रुपए के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 1,500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात दी गई।
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटलजी 40 वर्षों तक विपक्ष में रहे, लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों में भी राष्ट्रभक्ति उनके जीवन का मूल सिद्धांत बनी रही। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने देशहित में अनेक बड़े फैसले लिए। विश्व के दबाव के बावजूद पोकरण परमाणु परीक्षण कराने का निर्णय उनके मजबूत नेतृत्व का उदाहरण था।
शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के माध्यम से देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को नई गति दी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाने की शुरुआत भी अटल सरकार के समय हुई थी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से शुरू किए गए आदिवासी कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एसटी कम्पोनेंट का बजट 25 हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए तक किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। इसके साथ ही देश में 10 आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय और 772 एकलव्य विद्यालय विकसित करने की दिशा में काम किया गया। शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की बेटी का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना परिवर्तन का प्रतीक है।
अमित शाह ने महाराणा प्रताप को नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है।उन्होंने महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी राष्ट्रभक्ति, धर्म के प्रति आस्था और स्वराज के संकल्प ने इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।
राजस्थान की पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि एक समय प्रदेश में माताओं और बहनों को कई किलोमीटर दूर से सिर पर मटकियां रखकर पानी लाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पहले राजस्थान के करीब 11 लाख घरों तक ही नल से पानी पहुंचता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए जल जीवन मिशन के बाद आठ वर्षों में 64 लाख घरों तक नल से पानी पहुंचाया गया है। कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के तहत 1,500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात भी दी गई।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपने वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।उन्होंने कहा कि राजस्थान को कभी पानी की कमी वाले प्रदेश के रूप में जाना जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तीन बड़े जल समझौते कर आधे राजस्थान की पानी की जरूरत पूरी करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
शाह ने कहा कि सरकार हरियाणा, गुजरात और पंजाब से जुड़े जल संसाधनों के माध्यम से प्रदेश की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही राजस्थान को हराभरा बनाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आए।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास के लिए 36 नई नीतियां बनाई गई हैं और 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने 450 रुपए में गैस सिलेंडर, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों से देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार आ रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई में भी केंद्रीय गृह मंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पहली बार गठित सहकारिता मंत्रालय अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने का काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुए परमाणु परीक्षण और 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की जीत ने दुनिया में देश की छवि मजबूत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे निर्णयों के माध्यम से भारत को सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राजस्थान को विकास के नए पथ पर आगे बढ़ा रही है। नए एक्सप्रेस-वे, ऊर्जा उत्पादन, रिफाइनरी और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम से पहले अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पंच गौरव पवेलियन, भारत टैक्सी, ई-पैक्स, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र, माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, राजीविका, चित्तौड़गढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।
समारोह में जिन जिलों के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ, उनमें जोधपुर में ₹1,475 करोड़ से अधिक के 96 कार्य, बांसवाड़ा में ₹1,098 करोड़ से अधिक के 43, बाड़मेर में ₹477 करोड़ से अधिक के 65, कोटा में ₹455 करोड़ से अधिक के 29 और फलोदी में ₹362 करोड़ से अधिक के 49 विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा पाली, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, जालोर, जैसलमेर, बालोतरा, सलूम्बर, डूंगरपुर, सिरोही और बूंदी में भी विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।