



डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचन्द बैरवा की मौजूदगी में समझौता, आधुनिक लैब, तकनीकी संसाधन और कौशल प्रशिक्षण होंगे मजबूत, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
जयपुर। पचपदरा रिफाइनरी के साथ अब थार क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को भी नई दिशा मिलने जा रही है। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा के नेतृत्व में एचआरआरएल रिफाइनरी और राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बालोतरा के बीच करीब 22 करोड़ रुपए के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।इस समझौते का उद्देश्य पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ आधुनिक प्रयोगशालाओं, तकनीकी संसाधनों और उद्योग आधारित प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार करना है।
एमओयू के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बालोतरा में आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली तकनीक, प्रक्रियाओं और कौशल से जोड़ने पर जोर रहेगा।
सरकार का मानना है कि इस समझौते से थार क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पचपदरा रिफाइनरी और आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र को देखते हुए स्थानीय युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।यह पहल बालोतरा और आसपास के क्षेत्र को भविष्य में ‘टेक्निकल एवं एनर्जी स्किल हब’ के रूप में विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
एमओयू का प्रमुख उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना है। इससे विद्यार्थियों को ऐसे कौशल और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा, जिनकी रिफाइनरी, ऊर्जा, विनिर्माण और संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों में मांग है।इससे स्थानीय युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ने के साथ क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों का लाभ भी उन्हें अधिक प्रभावी रूप से मिल सकेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव, तकनीकी शिक्षा कुलदीप रांका, संयुक्त शासन सचिव तकनीकी शिक्षा, निदेशक तकनीकी शिक्षा जोधपुर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।एचपीसीएल की ओर से निदेशक (एचआर) के.एस. शेट्टी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एम.के. मोहराना, चीफ जनरल मैनेजर मनीष टंडन, जनरल मैनेजर पेन्डोर बाबा और जनरल मैनेजर यशपाल अनेजा भी मौजूद रहे।