



फतेहसागर झील किनारे चाय की चुस्कियों के साथ लोगों से की बातचीत, हाल-चाल जाने, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सादगी और आत्मीयता से अभिभूत हुए लोग
उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार सुबह उदयपुर की प्रसिद्ध फतेहसागर झील पर मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे। झील किनारे चहल-कदमी के दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर हाल-चाल जाने।मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर फतेहसागर पर सुबह की सैर के लिए पहुंचे लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने भी सहज अंदाज में लोगों से मुलाकात की और उनकी बात सुनी।
मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें टॉफियां वितरित कीं। वहीं बड़े-बुजुर्गों और अन्य लोगों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया।इस दौरान कई लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री ने भी आमजन से उनके हाल-चाल पूछे और स्थानीय लोगों से आत्मीयता के साथ संवाद किया।
फतेहसागर झील की सैर के दौरान मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए झील किनारे भी बैठे। यहां उन्होंने चाय की चुस्कियों के साथ आमजन से चर्चा की। मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज और सादगी को देखकर वहां मौजूद लोग उत्साहित नजर आए। लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात और बातचीत को लेकर खुशी जाहिर की।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत, विधायक फूलसिंह मीणा और उदयलाल डांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। फतेहसागर झील पर मुख्यमंत्री की मॉर्निंग वॉक के दौरान राजनीतिक कार्यक्रम से अलग एक सहज और अनौपचारिक माहौल देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री सीधे आम लोगों के बीच पहुंचे और उनसे संवाद किया।