



जयपुर। राजस्थान पुलिस विभाग में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राजस्थान पुलिस सेवा के 123 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की ओर से जारी आदेशों में कई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और समकक्ष अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।
तबादला सूची में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के कई महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किए गए हैं। नरेन्द्र कुमार को एसीपी पुलिस कंट्रोल रूम, हेमराज को एसीपी साइबर क्राइम, जेठू सिंह को एसीपी सोडाला और दिलीप कुमार मीणा को एसीपी शास्त्री नगर लगाया गया है।
इसी तरह संग्राम सिंह को एसीपी साइबर क्राइम, जितेन्द्र सिंह को एसीपी आदर्श नगर, कृष्णराज जांगिड़ को एसीपी चौमूं और नरेन्द्र कुमार को एसीपी महिला सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. पूनम को एसीपी अशोक नगर, शिवदयाल बलाई को एसीपी मालवीय नगर, दीपक कुमार खंडेलवाल को एसीपी सांगानेर तथा धर्मेन्द्र कुमार शर्मा को एसीपी बगरू नियुक्त किया गया है।
नई पोस्टिंग में साइबर क्राइम, कंट्रोल रूम, महिला सेल और विभिन्न पुलिस सर्किलों जैसे संवेदनशील पदों पर बदलाव किए गए हैं। इससे जयपुर कमिश्नरेट में फील्ड पुलिसिंग और विशेष शाखाओं की कार्यप्रणाली में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
प्रदेश के अन्य जिलों और पुलिस इकाइयों में भी कई आरपीएस अधिकारियों के पदस्थापन बदले गए हैं। संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक समन्वय की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
इससे पहले मंगलवार शाम राजस्थान सरकार ने 183 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इनमें लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित और अपने गृह जिले में कार्यरत अधिकारियों को भी बदला गया।
हाल ही में राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों के मद्देनजर ऐसे अधिकारियों के तबादले करने के निर्देश दिए थे, जो तीन वर्ष से एक ही स्थान पर पदस्थापित हैं या अपने गृह जिले में कार्यरत हैं।
आरएएस अधिकारियों के बाद अब 123 आरपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने से प्रदेश में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर बड़े बदलाव हुए हैं।






