



मुख्यमंत्री ने वाराणसी से लाए कलश को सिर पर धारण किया, प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा
जयपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से निकली कलश यात्रा गुरुवार को जयपुर पहुंची। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजापार्क स्थित श्री राम मंदिर में यात्रा का स्वागत किया और वाराणसी से लाए गए पावन कलश को सिर पर धारण कर कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का जीवन और उनकी वाणी सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश देती है। कलश यात्रा के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि काशी से प्रारंभ हुई कलश यात्रा देशभर में सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। राजस्थान में यह पावन कलश प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा और विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में समानता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। संत रविदास के विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास के सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा और समरसता से जुड़े संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का राजस्थान से भी विशेष संबंध रहा है। भक्त शिरोमणि मीराबाई ने संत रविदास को अपना गुरु माना था। चित्तौड़गढ़ में मीराबाई मंदिर के सामने संत रविदास के चरणचिह्न आज भी उनकी स्मृतियों और आध्यात्मिक परंपरा के प्रतीक के रूप में विद्यमान हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से संत रविदास के समरसता और समानता के संदेश को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास का सामाजिक न्याय और समानता का दर्शन सरकार की अंत्योदय आधारित नीतियों को भी प्रेरणा देता है।
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी और कैलाश मेघवाल वाराणसी से पावन कलश लेकर जयपुर पहुंचे। कलश यात्रा का राजापार्क क्षेत्र में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री केके विश्नोई, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक कालीचरण सराफ एवं गोपाल शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी और मिथलेश गौतम सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
