Thursday, 30 July 2026

जयपुर में सरेराह युवक की डंडों से पीटकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध


जयपुर में सरेराह युवक की डंडों से पीटकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अंडे टूटने की मामूली बात पर हुआ विवाद, हमले का वीडियो वायरल, सड़क पर तमाशबीन बने रहे लोग

जयपुर। जयपुर गुर्जर की थड़ी क्षेत्र स्थित शांतिनगर रोड पर मामूली विवाद के बाद एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पर लगातार डंडों से वार करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग घटना देखते रहे, लेकिन प्रारंभ में किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले 28 वर्षीय बलवीर सिंह जाटव के रूप में हुई है। वह जयपुर में मार्बल और टाइल्स लगाने का काम करता था।

अंडे टूटने पर शुरू हुआ विवाद

डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार मंगलवार शाम बलवीर सिंह गुर्जर की थड़ी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अंडों की थैली लेकर जा रहे एक नाबालिग से उसकी टक्कर हो गई, जिससे कुछ अंडे टूट गए।

आरोप है कि इस मामूली बात पर नाबालिग ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने बलवीर को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। लगातार प्रहार के कारण वह सड़क पर गिर गया, लेकिन हमलावर उसे पीटते रहे।

वीडियो में हमला करते दिखाई दिए आरोपी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें कुछ युवक बलवीर पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। आसपास वाहनों और लोगों की आवाजाही जारी थी, लेकिन अधिकांश लोग घटना को देखते रहे।

बलवीर के सड़क पर गिरने के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथियों ने बीच-बचाव करने वाले लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया और मौके से भाग गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

गंभीर रूप से घायल बलवीर सिंह को उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और अन्य तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस शेष आरोपियों तक पहुंची।

तीन गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध

पुलिस के अनुसार मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त डंडों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

शराब ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुर्जर की थड़ी चौराहे से शांतिनगर रोड की ओर स्थित शराब ठेके और आसपास के क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का नियमित जमावड़ा रहता है। यहां नशे में उत्पात, झगड़े और राहगीरों से अभद्रता की घटनाएं होने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनियों से गुजरने वाली महिलाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को भी कई बार असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और शराब ठेके के आसपास निगरानी मजबूत करने की मांग की है।इन स्थानीय आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित शिकायतों के रिकॉर्ड की जांच पुलिस एवं प्रशासन के स्तर पर की जानी है।

Previous
Next

Related Posts