


प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, श्रद्धालुओं को प्रसादी बांटी और प्याऊ पर की जल सेवा
डीग। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मूंड़िया पूर्णिमा एवं गुरु पूर्णिमा मेले के अवसर पर डीग जिले के पूंछरी का लौठा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सप्तकोसी गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं और पदयात्रियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने पूंछरी स्थित प्याऊ पर श्रद्धालुओं को शीतल जल पिलाकर जल सेवा की और भंडारे की प्रसादी का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन भी किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग ‘गिरिराज महाराज की जय’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रतिवर्ष मूंड़िया पूर्णिमा एवं गुरु पूर्णिमा मेले के अवसर पर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के पूंछरी क्षेत्र में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं। वह पूर्ण सेवाभाव के साथ पदयात्रियों को शीतल जल एवं प्रसादी वितरित करते रहे हैं।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक डॉ. शैलेश सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
