



17 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; जनभावना पर फूलपुर खेल मैदान के विकास की घोषणा
धौलपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को धौलपुर जिले के राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत फूलपुर में आयोजित समारोह में करीब ₹176.95 करोड़ के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹155 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹21 करोड़ से अधिक के कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
फूलपुर स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धौलपुर जिले के विकास में सरकार किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम जनता की सुनते हैं, इसलिए न काम की कमी है और न ही बजट की।” उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार के कार्यकाल में धौलपुर जिले में लगभग ₹2 हजार करोड़ के विकास कार्य कराए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने फूलपुर खेल मैदान के विकास की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से ₹3 हजार की सहायता दी जा रही है। उन्होंने फसल बीमा और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर, देवास, सोम-कमला-अंबा और माही बांध सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से राजस्थान को जल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि ढाई वर्ष में 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके अतिरिक्त 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों के साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, कौशल विकास और निवेश परियोजनाओं के माध्यम से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने का काम किया जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को सशक्त और समृद्ध बनाने का प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और श्रमिकों सहित प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की गई हैं। इसके साथ ही प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।