Sunday, 26 July 2026

राजस्थान रोडवेज के बेड़े में शामिल हुईं 144 नई ब्लू लाइन बसें, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रेमचंद बेरवा और मंजू शर्मा ने दिखाई हरी झंडी


राजस्थान रोडवेज के बेड़े में शामिल हुईं 144 नई ब्लू लाइन बसें, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रेमचंद बेरवा और मंजू शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

144 नई ब्लू लाइन बसें 22 डिपो को आवंटित की गईं आधुनिक एक्सप्रेस बसें; पैनिक बटन, लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाओं से लैस

जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के बेड़े में रविवार को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न डिपो के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवाऔर जयपुर की संसद मंजू शर्मा सहित परिवहन विभाग और रोडवेज के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बसों को रवाना करने से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। नई बसों के संचालन से प्रदेश के विभिन्न जिलों और प्रमुख शहरों के बीच रोडवेज कनेक्टिविटी मजबूत होगी। जिन मार्गों पर बसों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, वहां भी नई सेवाएं शुरू करने और फेरों की संख्या बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

22 डिपो को आवंटित की गईं बसें

रोडवेज प्रशासन ने सभी 144 ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों को प्रदेश के 22 डिपो में आवंटित किया है। अलग-अलग डिपो से संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को नई और आधुनिक बसों में सुरक्षित, सुविधाजनक तथा किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।

बसों में एक ओर तीन और दूसरी ओर दो सीटों का 3×2 लेआउट रखा गया है। यह व्यवस्था ब्लू लाइन एक्सप्रेस श्रेणी की बसों के अनुरूप तैयार की गई है। बसें बीएस-6 मानकों के अनुसार निर्मित हैं और इनमें यात्रियों की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है।

पैनिक बटन और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग

महिला एवं यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में पैनिक बटन और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। इस प्रणाली के माध्यम से नियंत्रण कक्ष से बस की वास्तविक समय की लोकेशन पर नजर रखी जा सकेगी। आपात स्थिति में पैनिक बटन के माध्यम से तत्काल सहायता की सूचना भी भेजी जा सकेगी।

नई बसों में सीसीटीवी कैमरे, आगे और पीछे एलईडी रूट डिस्प्ले, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, इमरजेंसी एग्जिट, फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम तथा उद्घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। चालक को बेहतर दृश्यता प्रदान करने के लिए क्वार्टर ग्लास विंडो की व्यवस्था भी की गई है।

प्रमुख मार्गों पर बढ़ेगी बसों की उपलब्धता

नई बसों के शामिल होने से रोडवेज के पुराने वाहनों पर परिचालन का दबाव कम होगा। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों के बीच बस सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित तथा आरामदायक सफर मिल सकेगा।

नई बसों का संचालन रोडवेज की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ आम यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और नियमित रूप से रोडवेज सेवाओं का उपयोग करने वाले लोगों को लाभ मिलेगा।

Previous
Next

Related Posts