



राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बाबा श्याम के किए दर्शन, अगले सप्ताह हाई-लेवल बैठक, दो सप्ताह में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को सौंपी जाएगी विकास योजना
सीकर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शनिवार को खाटूश्यामजी पहुंचे। उन्होंने बाबा श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की, स्वास्तिक बनाया और हाथ जोड़कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। जिला प्रशासन ने मुख्य सचिव के 25 जुलाई को प्रस्तावित खाटूश्यामजी दौरे की पूर्व सूचना भी जारी की थी।
दर्शन के बाद मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंदिर परिसर और खाटू कस्बे में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दर्शन मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और 14 लाइनों से कराए जा रहे दर्शनों की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। मंदिर में भीड़ प्रबंधन के लिए श्रद्धालुओं को 14 निर्धारित लाइनों से दर्शन कराने की व्यवस्था पहले से लागू है।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्पष्ट विजन है कि खाटूश्यामजी आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के साथ आधुनिक और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने बताया कि खाटूश्यामजी के सर्वांगीण विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसे अगले दो सप्ताह के भीतर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य सरकार खाटूश्यामजी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन के विकास को लेकर पहले भी व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दे चुकी है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि अगले सप्ताह सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग और पर्यटन विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ श्रीश्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों की हाई-लेवल रिव्यू बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रस्तावित विकास कार्यों, उनकी प्राथमिकता और क्रियान्वयन की समय-सीमा पर चर्चा की जाएगी।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि खाटू कस्बे में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए प्रस्तावित मास्टर प्लान में रिंग रोड को प्रमुखता से शामिल किया जा रहा है। रिंग रोड बनने से बाहरी और नियमित यातायात को कस्बे के भीतर आने की आवश्यकता कम होगी तथा श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा पूरे खाटू कस्बे में बिजली के तारों को भूमिगत करने की योजना बनाई जाएगी। स्वच्छता, जल निकासी और गंदे पानी के उचित निस्तारण के लिए आधुनिक सीवरेज प्रणाली विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
खाटूधाम पहुंचने पर सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अगवानी की। श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत का स्वागत कर पूजा-अर्चना करवाई।
मंदिर कमेटी की ओर से दोनों अतिथियों को श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर और बाबा श्याम का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के प्रदेश और जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजना तैयार करते समय श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और स्थानीय निवासियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।
