



जयपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जयपुर आगमन पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट किया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित अमृत महोत्सव के तहत विधायी समागम कार्यक्रम में सहभागी बनने के लिए ओम बिरला का स्वागत किया।
राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विधायी समागम में वर्तमान और पूर्व विधायक हिस्सा लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की विधायी यात्रा, लोकतांत्रिक परंपराओं और प्रदेश के विकास में जनप्रतिनिधियों के योगदान को रेखांकित करना है।
लोकसभा अध्यक्ष के जयपुर पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष ने उनका अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधानसभा के अमृत महोत्सव और विधायी समागम से संबंधित आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई।
राजस्थान विधानसभा में आयोजित यह समागम वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने वाला विशेष कार्यक्रम है। इसमें संसदीय परंपराओं, महत्वपूर्ण कानूनों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा।