



जयपुर। राजस्थान सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के 18 अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन किए हैं। कार्मिक विभाग ने 14 जुलाई को आदेश जारी कर इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। तबादला सूची में महानिदेशक, अतिरिक्त महानिदेशक, महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
महानिदेशक पुलिस, अभियोजन एवं यातायात, राजस्थान के पद पर कार्यरत अनिल पालीवाल को महानिदेशक एवं कमांडेंट जनरल, गृह रक्षा, राजस्थान के पद पर लगाया गया है।
अतिरिक्त महानिदेशक एवं कमांडेंट जनरल, गृह रक्षा मालिनी अग्रवाल को महानिदेशक पुलिस, यातायात, राजस्थान की जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश के अनुसार, एसएसबी जयपुर में महानिरीक्षक पुलिस पद पर कार्यरत अंशुमान भौमिया को जोधपुर का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं, जोधपुर पुलिस आयुक्त शरद कविराज का तबादला कर उन्हें महानिरीक्षक पुलिस, अपराध शाखा, राजस्थान, जयपुर लगाया गया है।
अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस राजेंद्र सिंह को महानिरीक्षक पुलिस, सतर्कता, जयपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर महानिरीक्षक पुलिस, आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण डॉ. रवि को अजमेर रेंज का नया आईजी बनाया गया है।
भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस कैलाश चंद्र विश्नोई को महानिरीक्षक पुलिस, आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण, राजस्थान की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, कानून एवं व्यवस्था के महानिरीक्षक डॉ. प्रीति चंद्रा को भरतपुर रेंज का महानिरीक्षक पुलिस नियुक्त किया गया है।
इंदिरा गांधी पुलिस अकादमी, जयपुर के निदेशक सुदीन मोहन शर्मा को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, यातायात एवं प्रशासन बनाया गया है।
बीकानेर सदर की सहायक पुलिस अधीक्षक अनुजा कालिया को पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, जयपुर पुलिस आयुक्तालय के पद पर लगाया गया है। वर्तमान डीसीपी मुख्यालय राजेश कुमार कांट को बालोतरा का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
बालोतरा के पुलिस अधीक्षक रमेश को पुलिस मुख्यालय जयपुर में पुलिस अधीक्षक, सीआईडी मानवाधिकार एवं कमजोर वर्ग शाखा के पद पर लगाया गया है।
प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य को हनुमानगढ़ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। हनुमानगढ़ के एसपी नरेंद्र सिंह मीणा को कमांडेंट, 10वीं बटालियन आरएसी, बीकानेर नियुक्त किया गया है।
दसवीं बटालियन आरएसी बीकानेर के कमांडेंट विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
जोधपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक वी. रिं नित्या को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जोधपुर में पुलिस अधीक्षक लगाया गया है। उनकी जगह प्रथम बटालियन आरएसी, जोधपुर के कमांडेंट पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक वृत्त किशनगढ़, अजमेर अजय सिंह राठौड़ को कमांडेंट, सातवीं बटालियन आरएसी, भरतपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह की ओर से जारी किया गया है।
