Tuesday, 14 July 2026

स्मार्ट मीटर के विरोध में बूंदी का ‘किसान हुंकार’ आंदोलन राजस्थान के किसानों की आवाज: टीकाराम जूली


स्मार्ट मीटर के विरोध में बूंदी का ‘किसान हुंकार’ आंदोलन राजस्थान के किसानों की आवाज: टीकाराम जूली

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रतिपक्ष नेता ने कहा- स्मार्ट मीटर की आड़ में आमजन की जेब पर डाका डाल रही भाजपा सरकार
जयपुर। प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने बूंदी में स्मार्ट मीटर के विरोध में चल रहे “किसान हुंकार” आंदोलन को केवल एक जिले का आंदोलन नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के किसानों और आमजन की आवाज बताया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर भाजपा सरकार आमजन पर आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है।

जूली ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनियां मनमानी और तानाशाही रवैया अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि बूंदी में प्रशासन द्वारा स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने को लेकर समझौता होने के बावजूद बिजली कंपनियों द्वारा मीटर लगाए जा रहे हैं। यह प्रशासनिक आदेशों की खुली अवहेलना है।

प्रतिपक्ष नेता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग की कि वे इस मामले में तत्काल संज्ञान लें और प्रशासनिक आदेशों की पालना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग और कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए सरकार को स्पष्ट निर्देश जारी करने चाहिए।

टीकाराम जूली ने कहा कि बूंदी में किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जा रही है। उन्होंने हिंडोली-बूंदी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायक अशोक चांदना और सी.एल. प्रेमी की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं पर कथित कार्रवाई और दर्ज मुकदमों की निंदा की। जूली ने कहा कि किसानों और आमजन के अधिकारों की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रतिपक्ष नेता ने कहा कि कांग्रेस स्मार्ट मीटर के नाम पर आमजन पर अतिरिक्त बोझ डालने और बिजली कंपनियों की मनमानी के खिलाफ किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल समाधान निकालना चाहिए।

Previous
Next

Related Posts