



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वास्थ्य की जानकारी ली, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना; पुराने संस्मरणों पर भी हुआ संवाद
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को राजस्थान की पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और 9 बार विधायक रहीं सुमित्रा सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राठौड़ ने उनकी कुशलक्षेम पूछी और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
भेंट के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सुमित्रा सिंह के साथ पुराने संस्मरणों को भी याद किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रा सिंह ने भी वर्ष 2003 से 2008 तक के अपने कार्यकाल से जुड़े अनुभवों और संसदीय परंपराओं पर संवाद किया।
मदन राठौड़ ने कहा कि सुमित्रा सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रदेश और समाज की सेवा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सुमित्रा सिंह राजस्थान की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष रहीं और सदन में अपने कड़क अनुशासन, संसदीय मर्यादाओं के पालन और नियमों की गहरी जानकारी के लिए सदैव जानी जाती रही हैं।
राठौड़ ने कहा कि सुमित्रा सिंह का सार्वजनिक जीवन जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका अनुभव, अनुशासन और संसदीय परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता राजस्थान की राजनीति में विशेष स्थान रखती है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक और प्रदेश प्रवक्ता स्टेफी चौहान भी मौजूद रहे। सभी ने सुमित्रा सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।