



NSUI का“छात्रों की गूंज” अभियान के तहत राजस्थान विश्वविद्यालय से अल्बर्ट हॉल तक हुई “Run Against Paper Leak” मैराथन
जयपुर। देशभर में चल रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत NSUI राजस्थान की ओर से पेपर लीक के खिलाफ “Run Against Paper Leak” 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। यह आयोजन NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में हुआ।
मैराथन का शुभारंभ राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से किया गया। प्रतिभागी अल्बर्ट हॉल होते हुए पुनः राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पहुंचे, जहां मैराथन का समापन हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और NSUI कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती परीक्षाओं की मांग को मजबूती से उठाया।
मैराथन को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक मनीष यादव, शिखा मील बराला, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी, पूर्व विधायक इन्द्रराज गुर्जर, सांगानेर से कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज, हरसहाय यादव, इमरान कुरैशी, राहुल भाकर और देशराज मीणा सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है।
जाखड़ ने कहा कि NSUI छात्रों के अधिकारों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता युवाओं का अधिकार है।
कार्यक्रम के समापन पर मैराथन के विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। NSUI ने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से देशभर में छात्रों की आवाज को मजबूत किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही व पारदर्शिता की मांग लगातार उठाई जाएगी।