Monday, 13 July 2026

राजस्थान हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी के बाद परिसर सुरक्षित घोषित


राजस्थान हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी के बाद परिसर सुरक्षित घोषित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

हाईकोर्ट को रात 12:19 बजे मेल से मिली धमकी, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने की सघन जांच; कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। हाईकोर्ट प्रशासन को रात करीब 12:19 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें हाईकोर्ट भवन को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। मेल में दावा किया गया था कि परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं।

सुबह हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा मेल देखे जाने के बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और सुरक्षा टीमों ने हाईकोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर, भवन, आसपास के संवेदनशील हिस्सों और प्रवेश द्वारों की बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद हाईकोर्ट परिसर को सुरक्षित घोषित करते हुए करीब सुबह 9:30 बजे खोल दिया गया।

समय रहते सुरक्षा जांच पूरी होने के कारण हाईकोर्ट की नियमित सुनवाई बाधित नहीं हुई। कोर्ट परिसर में प्रवेश से पहले सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क किया गया तथा आने-जाने वालों की जांच भी कड़ी की गई।

गौरतलब है कि इससे पहले 13 अप्रैल को भी राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। लगातार मिल रही इस तरह की धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले स्रोत और धमकी के पीछे की मंशा की जांच में जुट गई हैं।

पुलिस और साइबर टीम अब ई-मेल के तकनीकी विवरण, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों के आधार पर आरोपी या आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हाईकोर्ट परिसर में स्थिति सामान्य है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Previous
Next

Related Posts