



अजमेर।पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13.06 लाख रुपए के जाली नोट बरामद किए हैं। गंज थाना पुलिस ने नकली नोट बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां तैयार किए गए, इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह और जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। एएसपी हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन और सीओ दरगाह लक्ष्मण राम चौधरी के निर्देशन में गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रिंस हिल्स कॉलोनी, बड़ी नागफणी निवासी 27 वर्षीय विक्रम जोन घी मंडी स्थित सरकारी स्कूल के पास एक बैग लेकर खड़ा है और उसके पास नकली नोटों की खेप है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के आसमानी रंग के बैग से 500-500 रुपए के नकली नोटों की प्रिंटेड शीटें और तैयार जाली नोट बरामद किए गए। बरामद नोटों की कुल अंकित कीमत 13 लाख 6 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद नोट नकली हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन्हें बाजार में खपाने की फिराक में था और अपने एक साथी का इंतजार कर रहा था।
मोबाइल और संपर्कों की जांच शुरू
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी नकली नोटों की खेप पहुंचाने का काम कर चुका है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, संपर्कों, बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में और लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोटों की छपाई कहां की गई और इन्हें किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अजमेर में इससे पहले भी छोटे स्तर पर नकली नोट पकड़े जाते रहे हैं, जिन्हें अक्सर सब्जी विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों के बीच खपाने की कोशिश की जाती थी। हालांकि, 13 लाख रुपए से अधिक के जाली नोटों की यह बरामदगी शहर की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने के साथ नकली नोट तैयार करने और उनकी सप्लाई करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।