



अजमेर। राजस्थान में तबादलों के दौर के बीच राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। रेवेन्यू बोर्ड अजमेर की ओर से 552 तहसीलदारों के तबादला आदेश जारी किए गए हैं। इस संबंध में रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद की ओर से आदेश जारी किए गए।
तबादला सूची में अधिकांश तहसीलदारों के जिले और पदस्थापन स्थान बदले गए हैं। वहीं, कुछ अधिकारियों को उसी जिले में अन्य स्थानों पर समायोजित किया गया है। आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने, राजस्व कार्यों में गति लाने और फील्ड स्तर पर कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने की कवायद माना जा रहा है। प्रदेशभर में तहसीलदार स्तर पर हुए इन तबादलों का असर राजस्व प्रशासन, भूमि रिकॉर्ड, नामांतरण, सीमांकन, वसूली और आमजन से जुड़े अन्य कार्यों पर दिखाई देगा।
रेवेन्यू बोर्ड अजमेर की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित जिलों में नई पदस्थापन व्यवस्था लागू की जाएगी। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारियों को भी इस सूची में बदला गया है।