Saturday, 11 July 2026

अलवर में पेट्रोल पंप सेल्समैन को गोली मारने वाला आरोपी एक घंटे में गिरफ्तार


अलवर में पेट्रोल पंप सेल्समैन को गोली मारने वाला आरोपी एक घंटे में गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अलवर में पेट्रोल पंप सेल्समैन से 898 रुपए के पेट्रोल विवाद से शुरू दिखा मामला, पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला घटनाक्रम
अलवर। अलवर में पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद रुपए मांगने पर नकाबपोश युवक ने सेल्समैन को गोली मार दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा स्थित नायरा पेट्रोल पंप की है। पेट्रोल भरने के बाद सेल्समैन ने युवक से 898 रुपए मांगे थे। आरोप है कि युवक ने रुपए देने से मना कर दिया और दोबारा रुपए मांगने पर जेब से कट्टा निकालकर सेल्समैन पर गोली चला दी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर दी और करीब एक घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल सेल्समैन को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया।

शुरुआती जांच में मामला पेट्रोल के पैसों के लेन-देन से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की पड़ताल में यह घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया। पुलिस के अनुसार घायल सेल्समैन एक महिला को बार-बार फोन करता था, जो आरोपी की प्रेमिका बताई जा रही है। महिला ने आरोपी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी ने वारदात की साजिश रची।

प्रेमिका से पुष्टि के बाद मारी गोली
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी जगत गुर्जर शनिवार सुबह करीब 11:35 बजे कठूमर से बाइक लेकर अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बुर्जा के नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचा। वहां उसने पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन सचिन की फोटो खींचकर अपनी प्रेमिका को भेजी। प्रेमिका से पहचान की पुष्टि होने के बाद आरोपी ने सचिन को गोली मार दी और फरार हो गया।

गोली सचिन के कंधे में लगी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान और मूवमेंट की पुष्टि की।

अवैध हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी जगत गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध हथियार और 8 कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाया और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। साथ ही मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Previous
Next

Related Posts