Saturday, 11 July 2026

जयपुर में युवती की मौत मामले में परिजनों का भाजपा मुख्यालय के बाहर धरना, CBI जांच की मांग


जयपुर में युवती की मौत मामले में परिजनों का भाजपा मुख्यालय के बाहर धरना, CBI जांच की मांग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने परिजनों से की बातचीत, DGP से फोन पर बात कर 10 दिन का समय मांगा
जयपुर। जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में मिली युवती के शव के मामले में शनिवार को परिजन भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले की CBI जांच कराने की मांग करते हुए दावा किया कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

धरने की सूचना मिलने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने पीड़ित परिवार से 10 दिन का समय मांगा और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में मीडिया को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई लोग ऐसे मामलों में प्रचार-प्रसार पर भी ध्यान देते हैं। राठौड़ ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि परिवार को किसी ने प्रेरित करके यहां भेजा है, जिसकी वे निंदा करते हैं।

6 जून को अपार्टमेंट के पोर्च में मिला था शव
जानकारी के अनुसार जयपुर में 6 जून को एक अपार्टमेंट के पोर्च में युवती का शव मिला था। युवती घर से साइकिलिंग के लिए निकली थी। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसे तलाशने निकले, जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ था। इस घटना के बाद से परिजन लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लिखित आश्वासन तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
परिजनों ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से CBI जांच को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि केवल मौखिक भरोसे से वे संतुष्ट नहीं हैं। परिजनों ने भाजपा पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कराने और स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवाने की मांग की।

परिजनों का कहना है कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।

प्रभावशाली लोगों पर दबाव बनाने का आरोप
मृतका के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के कारण राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव में इसे दबाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें लगातार दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है, मीडिया के सामने अपनी बात रखने से रोका जा रहा है और धरना समाप्त नहीं करने पर जबरन हटाने की धमकियां दी जा रही हैं।

DGP से फोन पर बात, निष्पक्ष जांच का भरोसा
रने के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा से फोन पर बात की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी आदित्य पूनिया की भी DGP से बात करवाई और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

राठौड़ ने कहा कि सरकार और भाजपा संगठन निष्पक्ष जांच के पक्ष में हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार से 10 दिन का समय मांगते हुए कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से आगे बढ़े, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल परिजन CBI जांच की लिखित मांग पर अड़े हुए हैं। मामले में आगे पुलिस जांच और सरकार के स्तर पर होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

Previous
Next

Related Posts