Saturday, 11 July 2026

पटवारियों की तबादला सूची में विधायक का नाम आने से मचा हड़कंप, राजस्व मंडल ने बताई मानवीय त्रुटि


पटवारियों की तबादला सूची में विधायक का नाम आने से मचा हड़कंप, राजस्व मंडल ने बताई मानवीय त्रुटि

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्व मंडल तबादला सूची : क्रमांक 609 पर पटवारी नरेंद्र सिंह की जगह डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश दिगंबर सिंह का नाम दर्ज होने से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आदेश

अजमेर। राजस्थान में तबादलों के आखिरी दिन राजस्व मंडल की ओर से जारी पटवारियों की तबादला सूची में हुई एक त्रुटि प्रशासनिक हलकों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बन गई। सूची में डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक शैलेश दिगंबर सिंह का नाम दर्ज दिखाई दिया। आदेश की प्रति सामने आते ही लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई और यह सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी।

जानकारी के अनुसार, तबादला आदेश के क्रमांक 609 पर सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी एवं पटवारी नरेंद्र सिंह का नाम दर्ज किया जाना था। उनका ट्रांसफर नवोड़ा का बेरा, पाटोदी जिला बालोतरा से डीग जिले में किया गया था। बताया जा रहा है कि पटवारी नरेंद्र सिंह को डीग जिले के सोनगांव में पदस्थापित किया जाना था, लेकिन आदेश तैयार करने के दौरान गलती से उनके नाम की जगह डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश दिगंबर सिंह का नाम अंकित हो गया।

सूची देखकर अधिकारी और आमजन हैरान
पटवारियों की तबादला सूची में विधायक का नाम देखकर अधिकारी, कर्मचारी और आमजन हैरान रह गए। आदेश जारी होने के कुछ समय बाद ही यह गलती लोगों की नजर में आ गई। इसके बाद आदेश की प्रति सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी और प्रशासनिक स्तर पर भी इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई।

राजस्व मंडल से जुड़े अधिकारियों ने बाद में इसे मानवीय त्रुटि बताया। जानकारी के अनुसार, त्रुटिपूर्ण आदेश के आधार पर पटवारी नरेंद्र सिंह नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर सकेंगे। इसके लिए राजस्व विभाग को संशोधित आदेश या शुद्धिपत्र जारी करना होगा। सही नाम के साथ संशोधित आदेश जारी होने के बाद ही उनकी नई पदस्थापना प्रभावी मानी जाएगी।

तबादलों के आखिरी दिन राजस्व विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल
गौरतलब है कि तबादलों के आखिरी दिन राजस्व विभाग में बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी किए गए। राजस्व मंडल की ओर से प्रदेश के 924 पटवारियों के तबादले किए गए। इसके अलावा 552 तहसीलदार, 246 नायब तहसीलदार और 165 गिरदावरों को भी इधर से उधर किया गया।

बड़े पैमाने पर जारी तबादला सूचियों के बीच पटवारियों की सूची में विधायक शैलेश दिगंबर सिंह का नाम दर्ज हो जाना विभागीय चूक के रूप में सामने आया है। इस मामले ने आदेशों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous
Next

Related Posts