



जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के नए कुलगुरु की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा का कार्यकाल 26 सितंबर को पूरा होने जा रहा है। इससे पहले नए कुलगुरु के चयन के लिए चार सदस्यीय सर्च कमेटी गठित की गई है।
जानकारी के अनुसार कमेटी में राज्यपाल, यूजीसी, राज्य सरकार और विश्वविद्यालय सिंडिकेट के एक-एक नॉमिनी को शामिल किया गया है। यह कमेटी कुलगुरु पद के लिए योग्य नामों पर विचार कर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।
प्रदेश में आगामी तीन माह के भीतर चार विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। अगस्त में बांसवाड़ा विश्वविद्यालय और बीकानेर विश्वविद्यालय के कुलगुरुओं का कार्यकाल पूरा होगा। वहीं, सितंबर में राजस्थान विश्वविद्यालय और शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरुओं का कार्यकाल समाप्त होगा।
इन विश्वविद्यालयों में नए कुलगुरुओं की नियुक्ति को लेकर उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित स्तर पर प्रक्रिया तेज हो गई है। चार में से दो विश्वविद्यालयों के लिए सर्च कमेटी गठित की जा चुकी है।
राजस्थान विश्वविद्यालय प्रदेश के प्रमुख और पुराने विश्वविद्यालयों में शामिल है। ऐसे में नए कुलगुरु की नियुक्ति को उच्च शिक्षा, प्रशासनिक सुधार, शैक्षणिक गुणवत्ता और विश्वविद्यालय की आगामी नीतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।