



जयपुर। राजस्थान पत्रकार परिषद की प्रदेश इकाई के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित किरण पथ पर आयोजित भव्य एवं पवित्र पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ शनिवार को धार्मिक उल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश में अच्छी बारिश, खुशहाली, पत्रकार समाज, उनके परिजनों और समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की मंगल कामना के लिए इस अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
महायज्ञ में पत्रकार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह 10:45 बजे गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिनेश कुमार शर्मा और उनकी टीम के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई।
मानसरोवर स्थित गायत्री वेदना निवारण केन्द्र में सजी भव्य यज्ञशाला में पांच कुंडों पर मुख्य यजमानों सहित पत्रकार समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने आहुतियां दीं। गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
दोपहर 12 बजे पूर्ण विधि-विधान के साथ महायज्ञ की मुख्य पूर्णाहुति संपन्न हुई। कार्यक्रम के पश्चात गायत्री परिवार के ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल और केदार शर्मा की ओर से पत्रकारों को युग निर्माण सत्संकल्प और अन्य साहित्य का वितरण किया गया। इसके साथ ही भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था की गई।
राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी और प्रदेश महासचिव रमेश यादव ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रदेश महासचिव रमेश यादव ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और सभी के आरोग्य, समृद्धि तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना करना था।
परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू सिंघल ने समय पर पहुंचकर धर्म लाभ उठाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पत्रकार जगत से जुड़े सभी साथियों, गायत्री परिवार और उपस्थित आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा, अजीत तिवारी,राजेंद्र राज,श्याम माथुर,मृदुल शर्मा,संदीप पांडे, अजय नगर,नरेंद्र सर्वोदय,ज्योति प्रकाश शर्मा,राजेंद्र गुप्ता और राजकुमार निराली सहित कई पत्रकार शामिल रहे।
आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मकता, सामूहिकता और लोककल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। महायज्ञ का समापन प्रदेश में अच्छी बारिश, जनकल्याण और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ हुआ।
