



नसीराबाद-देवली फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास, जनसभा में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
अजमेर/केकड़ी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को अजमेर जिले के केकड़ी में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोरलेन सड़क परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है। पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में रोडमैप बनाकर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिसका असर अब जमीन पर दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास कराया गया है। इसी अवधि में 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के कार्य भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के विस्तार से राजस्थान विकास की नई उड़ान भर रहा है।
जल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी राजस्थान की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। राज्य सरकार हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसे प्रोजेक्ट्स पर प्रमुखता से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसान, मजदूर, महिला और युवा—इन चार प्रमुख वर्गों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपए की गई है, जिसे आने वाले समय में 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष किया जाएगा। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और बिजली बिलों में अनुदान देने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के माध्यम से पशुपालकों को 1 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की जा चुकी हैं।
युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं और 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है। डेयरी क्षेत्र के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं महिलाओं को लखपति दीदी बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्व स्तरीय प्रोजेक्ट का लोकार्पण सरकार की सकारात्मक विकास सोच का परिणाम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि यमुना का पानी राजस्थान की धरती पर लाना मुख्यमंत्री का भगीरथी प्रयास है, जिसका लाभ शेखावाटी की जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क तंत्र को मजबूत बनाने और प्रदेश को बिजली उत्पादन में सरप्लस बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का केकड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। उन्होंने हेलीपेड के पास राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल कृषि उपज मंडी तक मार्ग में विभिन्न स्थानों पर आमजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक शत्रुघन गौतम, शंकर सिंह रावत, रामस्वरूप लाम्बा, गोपीचंद मीणा, राजेन्द्र गुर्जर और वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इन प्रमुख कार्यों का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोरलेन सड़क, सिंगावल-गोपालपुरा-भिनाय-टांटोटी रोड, डबरेला एमडीआर सड़क, विभिन्न ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण, केकड़ी नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क निर्माण तथा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में कमरों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय भवन, केकड़ी-सरवाड़-नसीराबाद-सावर-देवली सड़क के उन्नयन तथा केकड़ी क्षेत्र में पुलिया और सड़कों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।