



पुष्कर। पुष्कर के धार्मिक इतिहास में पहली बार 11 मंचों से पुष्कर दिव्य महा आरती का आयोजन किया जाएगा। पुष्कर दिव्य महा आरती संघ के तत्वावधान में यह ऐतिहासिक आयोजन रविवार, 12 जुलाई 2026 को सायं 6:30 बजे सप्तऋषि घाट, पुष्कर पर होगा।
संघ के संरक्षक एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि यह आयोजन पुष्कर की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा को नई ऊंचाई देने वाला होगा। महा आरती पंडित चंद्रशेखर गौड़ एवं उनके सहयोगियों के सान्निध्य में संपन्न होगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय महाविद्यालय अजमेर की प्रोफेसर डॉ. रश्मि शर्मा उपस्थित रहेंगी, जिन्होंने विज्ञान विषय पर 100 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया है।
कार्यक्रम के दौरान हिमालय क्षेत्र, कुल्लू-मनाली, रोहतांग, लेह-लद्दाख, श्रीनगर, हरिद्वार और ऋषिकेश की आध्यात्मिक यात्रा से लौटीं साध्वी अनादि सरस्वती का स्वागत और अभिनंदन भी किया जाएगा।
इस दिव्य आयोजन का विशेष आकर्षण बाबा बर्फानी अमरनाथ यात्रा दल द्वारा लाया गया पवित्र जल रहेगा। अजमेर से गए 16 सदस्यीय यात्रा दल द्वारा लाए गए बाबा बर्फानी अमरनाथ के पवित्र जल से पुष्कर सरोवर का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रा दल का भव्य स्वागत और सम्मान भी किया जाएगा।
महा आरती का आचार्यत्व पंडित कैलाश नाथ दाधीच करेंगे, जबकि उपाचार्यत्व पंडित रविशंकर गौड़ के सान्निध्य में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह है।
पुष्कर दिव्य महा आरती संघ ने सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और स्थानीय नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।