



बूंदी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे के विभिन्न खंडों का निरीक्षण करने बूंदी जिले के लबान इंटरचेंज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मार्ग में रुककर सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।
लबान इंटरचेंज पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण कार्य, यातायात सुविधा, सुरक्षा इंतजाम और परियोजना की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हीरालाल नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों द्वारा अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया।
दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, यातायात सुविधा और आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके पूर्ण होने से राजस्थान सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।