Wednesday, 08 July 2026

भ्रामक लेबलिंग पर बड़ी कार्रवाई, टोंक में एनर्जी ड्रिंक ‘रिवोल्ट’ की 7,488 बोतलें सीज


भ्रामक लेबलिंग पर बड़ी कार्रवाई, टोंक में एनर्जी ड्रिंक ‘रिवोल्ट’ की 7,488 बोतलें सीज

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। प्रदेश में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत टोंक जिले में फूड सेफ्टी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने उनियारा उपखंड के नैनवा रोड स्थित मैसर्स श्री श्याम ट्रेडर्स पर जांच के दौरान एनर्जी ड्रिंक ‘रिवोल्ट’ की 7,488 बोतलें सीज कीं।

सीएमएचओ टोंक डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान बोतलों के लेबल पर “Stimulates Mind”, “Energizes Body” और “Same Great Taste” जैसे दावे अंकित पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार इस प्रकार के दावों को भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना जाता है।

फूड सेफ्टी टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत उत्पाद के नमूने लिए और शेष 7,488 बोतलों को सीज कर दिया। अधिकारियों के अनुसार एफएसएसएआई के निर्देशों के तहत कैफीनेटेड बेवरेज पर “एनर्जी ड्रिंक”, “स्पोर्ट्स ड्रिंक” और “स्टिमुलेट्स माइंड” जैसे दावों का उल्लेख भ्रामक माना जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में इस संबंध में पेय पदार्थ निर्माता कंपनियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ऐसे उत्पादों की लेबलिंग और दावों की जांच कर रहा है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने व्यापारियों और विक्रेताओं से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही उत्पादों की बिक्री करें और भ्रामक लेबलिंग या दावों वाले उत्पादों को बेचने से बचें।

Previous
Next

Related Posts