Wednesday, 08 July 2026

राम मंदिर पर पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पलटवार, बोले- आस्था के विषय पर राजनीति स्वीकार नहीं


राम मंदिर पर पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पलटवार, बोले- आस्था के विषय पर राजनीति स्वीकार नहीं

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेताओं के राम मंदिर से जुड़े बयानों पर पलटवार किया है। राठौड़ ने कहा कि जिन लोगों की भगवान राम और राम मंदिर के प्रति कभी आस्था नहीं रही, जिन्होंने राम मंदिर निर्माण का समर्थन नहीं किया, वे आज मंदिर की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि मंदिर की सभी संपत्तियां और चढ़ावा सुरक्षित हैं। ट्रस्ट की ओर से संपत्तियों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित भी किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर किसी व्यक्ति द्वारा कोई अनियमितता की गई होगी, तो कानून अपना काम करेगा और दोषी को दंड मिलेगा, लेकिन ऐसे मामलों में अनावश्यक राजनीतिक हस्तक्षेप उचित नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें पहले अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत अपने कार्यकाल में पानी, बिजली, पेपरलीक, प्रशासनिक अव्यवस्था और सरकार के भीतर चली खींचतान जैसे मुद्दों पर बोलने के बजाय अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि राम मंदिर के प्रति जिन लोगों ने श्रद्धा और सहयोग दिया है, उन्हें प्रश्न पूछने का नैतिक अधिकार है, लेकिन जिन लोगों ने मंदिर निर्माण का विरोध किया, वे केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता इस राजनीति को भली-भांति समझती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि पूर्व ट्रस्टी पूरी तरह निष्कलंक रहे हैं और चंपत राय पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि किसी निचले स्तर पर कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी। भाजपा करोड़ों रामभक्तों की आस्था का सम्मान करती है और इस आस्था पर राजनीति करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निकाय चुनावों पर बोले- भाजपा पूरी तरह तैयार
स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग जो भी निर्णय करेगा, भाजपा उसे पूरी तरह स्वीकार करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक स्तर पर पूरी तरह तैयार है और यदि आज भी चुनाव घोषित कर दिए जाएं, तो पार्टी चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट निर्वाचन आयोग के पास पहुंच रही है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर ओबीसी समाज को भड़काने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 78 उपचुनावों में भाजपा ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की है और अधिकांश स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा को सफलता मिली है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा भाजपा को चुनाव से डरने वाली पार्टी बताना पूरी तरह निराधार है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चुनाव कराने के लिए तैयार है। अब निर्णय निर्वाचन आयोग को करना है। आयोग जैसे ही चुनाव की घोषणा करेगा, भाजपा उसके निर्देशों का पूर्ण पालन करेगी।

यूसीसी पर विपक्ष को सुझाव देने की सलाह
समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना और कमियां निकालना रह गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यूसीसी का प्रारूप तैयार कर लिया है और जिन राज्यों में इसे लागू किया गया है, उनके अनुभवों का अध्ययन करते हुए राजस्थान की परिस्थितियों के अनुरूप मसौदा तैयार किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए जा रहे हैं। विपक्ष भी चाहे तो अपने सुझाव दे सकता है। उन्होंने कहा कि यह विषय विधानसभा में भी आएगा, जहां विपक्ष अपनी बात रख सकता है।

Previous
Next

Related Posts