



दिल्ली। विश्व प्रसिद्ध श्री खाटूश्यामजी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को जल्द ही बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को श्री खाटूश्यामजी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर मंदिर के नजदीक नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की योजना पर चर्चा की।
बैठक के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि परियोजना से जुड़े तकनीकी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद स्टेशन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
रेल मंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, राजस्थान सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार झाबर सिंह खर्रा, श्री श्याम मंदिर समिति के प्रतिनिधि शक्ति सिंह चौहान, मानवेंद्र सिंह चौहान और मोहन सिंह चौहान शामिल रहे।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने खाटूश्यामजी मंदिर में हर साल आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता रखी। प्रतिनिधिमंडल ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रस्तावित नया रेलवे स्टेशन सुंदरपुरा में विकसित किया जाएगा। यह स्टेशन सीकर-रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावड़ी ठीकरिया रेलवे स्टेशनों के बीच बनेगा। प्रस्तावित स्टेशन खाटूश्यामजी मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर दूर होगा, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि स्टेशन निर्माण से पहले परियोजना से जुड़े सभी तकनीकी कार्य पूरे किए जाएंगे। इनमें रेलवे लाइन से संबंधित इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग कार्य, नई रेलवे लाइन का निर्माण तथा उसे मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने की प्रक्रिया शामिल होगी। इन कार्यों के पूरा होने के बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित स्टेशन भवन को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया जाएगा। स्टेशन पर आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, यात्री-अनुकूल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सकेगा।
भारतीय रेलवे का मानना है कि नए स्टेशन के निर्माण से खाटूश्यामजी धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की रेल पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित आधारभूत ढांचे के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। खाटूश्यामजी मंदिर के पास प्रस्तावित नया रेलवे स्टेशन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के स्थानीय लोगों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।