



अजमेर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पार्टी में खुद को साइलेंट किए जाने के सवाल पर चुटीले अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “साइलेंट कहां कर रखा है? कल जोधपुर में बोल रहे थे, आज अजमेर में बोल रहे हैं और कल जयपुर में बोलेंगे। साइलेंट नहीं कर रखा, हमें तो वोकल कर रखा है, हम वोकल फॉर लोकल हैं।”
राजेंद्र राठौड़ मंगलवार को अजमेर के मेडिकल कॉलेज सभागार में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती स्मरण पक्ष के तहत आयोजित छात्र-युवा सम्मेलन में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी राजनीतिक भूमिका, आरपीएससी की कार्यप्रणाली और युवाओं की भागीदारी से जुड़े सवालों पर जवाब दिए।
आरपीएससी अध्यक्ष और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि चयन प्रक्रिया चल रही है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सभी तथ्यों से अवगत हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में आरपीएससी में जिन सदस्यों की नियुक्ति हुई है, उनके बायोडाटा और योग्यता को देखने पर स्पष्ट होता है कि वे विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षाविद हैं और उनकी ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं है।
राठौड़ ने दावा किया कि आरपीएससी की पवित्रता बनाए रखने के लिए वर्तमान सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किया है। वहीं राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश और देश में युवा मोर्चा विचार, संकल्प और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को लेकर अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में युवाओं ने वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने का संकल्प लिया।
अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि उन्होंने हमेशा एक साधारण और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और आगे भी उसी भूमिका में काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का होता है।
युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में शॉर्टकट से बचना चाहिए। युवाओं को सिद्धांतों के साथ संगठन में काम करना चाहिए। भाजपा हर कार्यकर्ता के काम को देखती है और उचित समय पर योग्य कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाता है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा सहित अन्यभाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, छात्र, युवा कार्यकर्ता और पार्टी से जुड़े जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।