



जयपुर। जयपुर में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास स्थित कमला नेहरू नगर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ के पास मौजूद एक परिवार के पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में पिता और तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
एडिशनल डीसीपी ललित शर्मा ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8:45 बजे हुआ। ट्रेलर दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहा था। दंपती और उनके तीन बच्चे नाले के पास मौजूद थे। इसी दौरान ट्रेलर ने सभी को टक्कर मार दी। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला के पति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है और महिला का उपचार चल रहा है।
मृतकों की पहचान राजसमंद जिले के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश और उनके तीन बेटों रमेश, दीपक और रतन के रूप में हुई है। चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। परिवार बागरी समाज से था और फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचने का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर में पीओपी यानी प्लास्टर ऑफ पेरिस के बैग भरे हुए थे। ट्रेलर दिल्ली हाईवे से अजमेर हाईवे की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे नाले के पास मौजूद परिवार पर चढ़ गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल कैलाशी को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू कराई गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। पुलिस ट्रेलर चालक की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के दो अन्य बच्चे घर पर थे, जिसके कारण वे सुरक्षित बच गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। फुटपाथ पर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले परिवार पर आए इस संकट से स्थानीय लोगों में गहरा शोक और आक्रोश है।