Monday, 06 July 2026

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मदन राठौड़ का विपक्ष पर हमला, बोले- कई विपक्षी नेता आज जमानत पर हैं


डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मदन राठौड़ का विपक्ष पर हमला, बोले- कई विपक्षी नेता आज जमानत पर हैं

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को जयपुर में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज विपक्षी दलों के कई बड़े नेता जमानत पर हैं। राठौड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह सहित कई विपक्षी दलों से जुड़े नेता अलग-अलग मामलों में जमानत पर हैं।

मदन राठौड़ जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती पर आयोजित छात्र सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने युवाओं से इतिहास पढ़ने और राष्ट्र प्रथम की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

राठौड़ ने कहा कि सभी को इतिहास का गंभीर अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी उपलब्धियों का श्रेय स्वयं लेते हैं, लेकिन देश को एक रखने और मजबूत बनाने में वास्तविक योगदान राष्ट्रीय चरित्र वाले नागरिकों का रहा है। ऐसे लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज भी यह देखने की आवश्यकता है कि राष्ट्र के प्रति सच्ची भावना किसके मन में है। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की सोच भाजपा की मूल भावना है। राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा में निष्कलंक व्यक्तित्व वाले लोग हैं और इसी कारण विपक्ष भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डॉ. मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में सही दिशा दे सकें।

अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मात्र 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने। इसके बाद उन्होंने बंगाल सरकार में वित्त मंत्री और स्वतंत्र भारत की पहली सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि पूर्वी पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार और नेहरू-लियाकत समझौते से असहमति के कारण डॉ. मुखर्जी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और राष्ट्रवादी राजनीतिक विकल्प के निर्माण का मार्ग चुना।

कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ता, छात्र और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने युवाओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Previous
Next

Related Posts