



जयपुर। जयपुर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। जेएलएन मार्ग स्थित एफटीआई ऑफिस की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय भवन में काम कर रहे 10 से अधिक मजदूर मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी घायल मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में भी हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर एसएमएस थाना पुलिस और अस्पताल का मेडिकल स्टाफ मौके पर सक्रिय हुआ। डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को विशेष निगरानी में रखा गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर एफटीआई ऑफिस में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भवन की छत भरभराकर गिर गई और मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है।
घायलों में लाला राम, राजीव कुमार, नीतीश कुमार, उदित, प्रमोद, बकू, कार्तिक, प्रमोद और शोक सहित 10 से अधिक मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भवन की स्थिति क्या थी और कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। हादसे ने एक बार फिर निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।