Monday, 06 July 2026

जमशेदपुर के करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी खाटू श्याम जी से गिरफ्तार


जमशेदपुर के करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी खाटू श्याम जी से गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सीकर। झारखंड के जमशेदपुर में हुए चर्चित करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी और बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद से फरार चल रहा आरोपी नीरज सिंह अपने बेटे के साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद जैसे ही वह मंडा रोड स्थित एक होटल के रेस्टोरेंट पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

यह सनसनीखेज वारदात 27 जून को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन बार’ के बाहर हुई थी। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे बार के अंदर कुछ युवक युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे। इस दौरान करणी सेना नेता हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। मामला शांत होने के बाद जब हिमांशु सिंह बार से बाहर निकले, तभी 8 से 10 बदमाशों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना के दौरान स्थिति इतनी भयावह हो गई कि मौके पर मौजूद पुलिस जब घायल हिमांशु सिंह को जीप की ओर ले जा रही थी, तब भी हमलावरों ने उन पर हमला जारी रखा। गंभीर चोटों के कारण हिमांशु सिंह की मौत हो गई। इस घटना के बाद जमशेदपुर में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।

हत्याकांड के बाद पुलिस ने बार संचालक नीरज सिंह सहित 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए नीरज सिंह पहले कोलकाता भागा और इसके बाद फ्लाइट से राजस्थान पहुंच गया। झारखंड पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर रही थी।

जैसे ही पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी नीरज सिंह खाटूश्यामजी क्षेत्र में मौजूद है, झारखंड पुलिस ने तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कार्रवाई की। हेड कांस्टेबल बनवारी और कांस्टेबल राजेंद्र गढ़वाल ने रेस्टोरेंट में दबिश देकर आरोपी नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में अब तक बार संचालक नीरज सिंह सहित कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्थान पुलिस आरोपी नीरज सिंह को झारखंड पुलिस के सुपुर्द करेगी।

    Previous
    Next

    Related Posts