



राजस्थान सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर प्रदेश के चार प्रमुख शहरों में स्थित सार्वजनिक पार्कों का नाम उनके नाम पर करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार, 6 जुलाई को वीडियो संदेश के माध्यम से इसकी जानकारी दी। इस निर्णय के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर के चयनित पार्कों का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क के रूप में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा देते हैं। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने उनके जीवन, विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह पहल की है।
सरकार के निर्णय के अनुसार जयपुर स्थित वुडलैंड पार्क, जोधपुर के विवेक विहार स्थित सेंट्रल पार्क, कोटा के रामचंद्रपुरा अटवाल नगर स्थित पार्क और उदयपुर की सेक्टर-12 योजना स्थित पार्क का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर उनके जीवन दर्शन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रदर्शित करने वाले स्मारक भी स्थापित किए जाएंगे।
सरकार का कहना है कि इन स्मारकों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, युवाओं और बच्चों को डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से परिचित कराया जाएगा। पार्कों में आने वाले लोगों को उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं, विचारों और राष्ट्रसेवा के संदेश की जानकारी मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सरकार की यह पहल शहरी सार्वजनिक स्थलों को प्रेरणादायी और जन-जागरूकता से जोड़ने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।