Monday, 06 July 2026

बीसलपुर बांध में लगातार चौथे दिन पानी की आवक, जलस्तर 313.69 आरएल मीटर पहुंचा


बीसलपुर बांध में लगातार चौथे दिन पानी की आवक, जलस्तर 313.69 आरएल मीटर पहुंचा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोक। मानसून की बारिश के बीच बीसलपुर बांध से राहत की खबर सामने आई है। बांध के भराव क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते चौथे दिन भी पानी की आवक जारी है। बीते 24 घंटे में बांध का जलस्तर तीन सेंटीमीटर बढ़कर सोमवार सुबह 6 बजे 313.69 आरएल मीटर पहुंच गया। इसके साथ ही बांध अब अपनी कुल भराव क्षमता का 67.56 प्रतिशत भर चुका है।

भराव क्षेत्र में हुई बारिश के कारण बीसलपुर बांध में लगातार दूसरे दिन भी 24 घंटे के भीतर तीन सेंटीमीटर पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले चार दिनों से बांध में पानी की आवक बनी हुई है, जिससे जलस्तर में लगातार सुधार हो रहा है। बांध की पूर्ण भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। ऐसे में बांध को पूरी क्षमता तक पहुंचने के लिए अब करीब पौने दो मीटर पानी की और आवश्यकता है।

जिले में भी बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और उमस का असर बना रहा। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए दोपहर में भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश का दौर जारी रहने से आने वाले दिनों में बांध में पानी की आवक और बढ़ने की उम्मीद है।

बीते 24 घंटे में सोमवार सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन 11 एमएम बारिश दर्ज की गई। निवाई, मालपुरा और दूनी क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। इस सीजन में जिले की कुल बारिश का आंकड़ा 91.13 एमएम तक पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक 35 एमएम बारिश माशी रेनगेज सेंटर पर रिकॉर्ड की गई।

मौसम में बदलाव के चलते सोमवार को अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में गर्मी और उमस अधिक महसूस हुई। सुबह से बादल छाए रहने से लोगों को तेज धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण उमस बनी रही।

बीसलपुर बांध जयपुर सहित कई क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। मानसून के शुरुआती चरण में ही बांध में पानी की आवक शुरू होना राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए राहतभरी स्थिति है। यदि कैचमेंट एरिया में बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा, तो आने वाले दिनों में बांध के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।

    Previous
    Next

    Related Posts