



अजमेर में कृष्णगंज थाना पुलिस ने नरेश राघानी को पूछताछ के बाद शांति भंग में गिरफ्तार किया
अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कृष्णगंज थाना पुलिस ने रविवार को यूथ कांग्रेस के पूर्व नेता नरेश राघानी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने करीब चार घंटे तक पूछताछ के बाद उसका मेडिकल करवाया।
पुलिस के अनुसार, नरेश राघानी के खिलाफ वैशालीनगर स्थित अमरदीप कॉलोनी निवासी दिनेश पाराशर ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राघानी ने 13 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करते हुए विवादित पोस्ट अपलोड की थी।
शिकायत में यह भी आरोप है कि 28 जून को परिवादी के सोशल मीडिया अकाउंट पर की गई एक पोस्ट पर राघानी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। परिवादी ने दावा किया कि घर के बाहर खड़े वाहनों के ड्राइवरों और एफआईआर के आदेश से जुड़े मामले को लेकर भी राघानी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
बताया जा रहा है कि बाद में संबंधित टिप्पणी हटा दी गई, लेकिन उससे पहले परिवादी ने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। इसके आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।
कृष्णगंज थाना पुलिस ने रविवार दोपहर नरेश राघानी को थाने बुलाया और प्रकरण में पूछताछ की। पुलिस ने फिलहाल मामले को अनुसंधान में रखा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल राघानी को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच के बाद आवश्यक होने पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। रविवार शाम पुलिस ने आरोपी का जेएलएन अस्पताल में मेडिकल करवाया।
भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने इस प्रकरण की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को देते हुए पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, स्क्रीनशॉट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।