



जोधपुर। कवि, लेखक और अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा लोढ़ा की शादी 6 जुलाई को जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में होगी। स्वरा की शादी सिंगापुर निवासी शाश्वत से हो रही है, जो एक बड़ी बैंकिंग कंपनी में कार्यरत हैं। शादी समारोह को लेकर जोधपुर में तैयारियां जोरों पर हैं और मेहमानों का आना शुरू हो चुका है।
शनिवार को शादी से जुड़े ‘संस्कृति स्वर’ और ‘मोहब्बत मेलोडी’ कार्यक्रम शहर की अलग-अलग होटलों में आयोजित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी समारोह में पहुंचे। उन्होंने शैलेश लोढ़ा और उनके परिवारजनों से मुलाकात की तथा स्वरा और शाश्वत को वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए देशभर से मेहमान जोधपुर पहुंचने लगे हैं। अतिथियों को उम्मेद भवन पैलेस में ठहराया गया है, जहां उनका राजस्थानी संस्कृति और पारंपरिक आतिथ्य के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है। समारोह में राजस्थानी लोक-संस्कृति, संगीत और शाही अंदाज की विशेष झलक देखने को मिल रही है।
आज 5 जुलाई को स्वरा और शाश्वत की मेहंदी की रस्में हों रही है। इसके साथ ही शहर की एक होटल में संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। शादी से पहले आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र शामिल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शादी समारोह में रविवार और सोमवार को अलग-अलग राज्यों से कई मंत्री, बॉलीवुड कलाकार, कवि, साहित्यकार और अन्य प्रमुख हस्तियां जोधपुर पहुंचेंगी। विवाह समारोह में सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, योग गुरु स्वामी बाबा रामदेव, अभिनेता राकेश बेदी, कृष्णा अभिषेक, सेलो कंपनी के प्रदीप राठौड़, पीकेएमजी के चेयरमैन पंकज कर्णावट, श्री अधिकारी ब्रदर्स के संस्थापक मार्कंड अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी, ब्रजेश सिंह और प्रसिद्ध हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा सहित कई वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।
स्वरा लोढ़ा अपनी मां डॉ. स्वाति लोढ़ा के साथ मिलकर एक पुस्तक भी लिख चुकी हैं। वहीं, शैलेश लोढ़ा साहित्य, कविता और अभिनय की दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। ऐसे में यह विवाह समारोह साहित्य, कला, राजनीति और फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों की उपस्थिति के कारण भी खास माना जा रहा है।
सोमवार को गोधूलि वेला में बारात स्वागत का कार्यक्रम होगा। इसके बाद वरमाला और विवाह की रस्में संपन्न होंगी। उम्मेद भवन पैलेस में होने वाला यह विवाह समारोह जोधपुर की शाही विरासत और राजस्थानी संस्कृति के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।