



राजस्थान पुलिस अकादमी में नवप्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशिक्षण जीवन की होगी औपचारिक शुरुआत
जयपुर। राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में राजस्थान पुलिस सेवा बेसिक प्रशिक्षण बैच-59 के उद्घाटन समारोह का आयोजन 6 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर नवप्रशिक्षु आरपीएस अधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
समारोह का शुभारंभ प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगा। इसके बाद राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीव कुमार नार्जारी द्वारा मुख्य अतिथि का ग्रीन वेलकम किया जाएगा और स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण अनिल पालीवाल प्रशिक्षण की भूमिका, पुलिस सेवा की अपेक्षाओं और राजस्थान पुलिस के भावी नेतृत्व को लेकर अपने विचार व्यक्त करेंगे। वे नवप्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशिक्षण अवधि के महत्व और पुलिस सेवा में दक्षता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता की आवश्यकता से अवगत कराएंगे।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा नवप्रशिक्षु आरपीएस अधिकारियों को संबोधित करेंगे। अपने उद्बोधन में वे पुलिस सेवा के मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक दक्षता और जनसेवा की भावना पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही वे प्रशिक्षुओं को एक जिम्मेदार, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस अधिकारी के रूप में कार्य करने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त निदेशक शंकर दत्त शर्मा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात आरपीए निदेशक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा।
आरपीएस बेसिक प्रशिक्षण बैच-59 का यह उद्घाटन समारोह राजस्थान पुलिस में नवचयनित अधिकारियों के प्रशिक्षण जीवन की औपचारिक शुरुआत का महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, कानून व्यवस्था, अपराध अनुसंधान, साइबर अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक पुलिस कार्यप्रणाली का व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।