Sunday, 05 July 2026

दौसा हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे नितिन गडकरी


दौसा हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे नितिन गडकरी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

8 जुलाई को दिल्ली से दौसा होते हुए कोटा तक सड़क मार्ग से जाएंगे केंद्रीय मंत्री, सुरक्षा मानकों और खामियों का लेंगे जायजा
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार और केंद्रीय स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अब स्वयं एक्सप्रेस-वे की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को दिल्ली से सड़क मार्ग से दौसा होते हुए कोटा जाएंगे। इस दौरान वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मौजूद व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और संभावित खामियों का जायजा लेंगे। बताया जा रहा है कि वे उस स्थान का भी निरीक्षण करेंगे, जहां हाल ही में हुए हादसे में 8 लोगों की मौत हुई थी।

निरीक्षण के दौरान एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना संभावित स्थानों, आपातकालीन सेवाओं, एम्बुलेंस व्यवस्था, फायर ब्रिगेड की उपलब्धता, संकेतक बोर्ड, गति नियंत्रण व्यवस्था और रेस्क्यू सिस्टम की समीक्षा की जाएगी। जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि 1 जुलाई को दौसा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर और बस की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और राहत-बचाव इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे।

हादसे के बाद राज्य सरकार ने भी हाईवे सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। दौसा जिला कलक्टर ने एक्सप्रेस-वे पर एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस तैनात करने का सुझाव दिया है। प्रस्ताव के अनुसार ये एम्बुलेंस एनएचएआई के तहत संचालित और मेंटेन की जाएंगी, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता मिल सके।

इसके साथ ही तय दूरी पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात करने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे आगजनी या दुर्घटना की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सकेगा। दौसा हादसे में आग लगने के कारण हुई जनहानि के बाद फायर रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत और अधिक महसूस की जा रही है।

हादसे के बाद मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने लगातार तीसरे दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर संभागीय आयुक्तों को सभी जिला कलक्टर्स की बैठक आयोजित करने और जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएं।

बैठक में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव परिवहन भवानी सिंह देथा, शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी जुड़े। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों की समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

माना जा रहा है कि नितिन गडकरी के निरीक्षण के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। यह दौरा हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति समझने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

    Previous
    Next

    Related Posts