



सालासर। सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने नए नियम लागू किए हैं। अब मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और स्मार्ट-वॉच के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय से मंदिर में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन प्रणाली को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सुजानगढ़ उपखंड मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और स्मार्ट-वॉच के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश में कहा गया है कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा फोटो और वीडियो बनाए जाने से प्रतिदिन जाम और अव्यवस्था जैसी स्थिति बन रही थी।
प्रशासन के अनुसार, मंदिर परिसर में मोबाइल फोन से रील और वीडियो बनाए जाने के कारण मंदिर की पवित्रता प्रभावित हो रही थी। इसके साथ ही भीड़ बढ़ने पर दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था और कई बार भगदड़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी रहती थी।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले कुछ दिनों में मंदिर परिसर में विभिन्न घटनाएं और दर्शनार्थियों व अन्य लोगों द्वारा दुर्व्यवहार जैसी शिकायतें सामने आई थीं। इन घटनाओं के कारण मंदिर परिसर में अव्यवस्थाएं उत्पन्न हो रही थीं। ऐसे में व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से मोबाइल फोन व स्मार्ट-वॉच पर प्रतिबंध आवश्यक माना गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सालासर धाम के मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और स्मार्ट-वॉच का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस निर्णय का उद्देश्य श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और बिना किसी बाधा के दर्शन कराना है।
मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नए नियमों का पालन करें और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें। माना जा रहा है कि इस व्यवस्था से मंदिर परिसर में अनावश्यक भीड़, फोटो-वीडियो बनाने की प्रवृत्ति और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा।
