Sunday, 05 July 2026

जयपुर मेट्रो फेज-2 का पहला पैकेज दो साल में होगा पूरा, प्रहलादपुरा से पिंजरापोल तक चलेगी मेट्रो


जयपुर मेट्रो फेज-2 का पहला पैकेज दो साल में होगा पूरा, प्रहलादपुरा से पिंजरापोल तक चलेगी मेट्रो

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर मेट्रो फेज-2 का मई-जून 2028 तक काम पूरा करने का लक्ष्य, 10 किलोमीटर रूट पर प्रस्तावित हैं 10 स्टेशन
जयपुर। जयपुर मेट्रो फेज-2 को लेकर शहरवासियों के लिए बड़ी खबर है। फेज-2 का पहला पैकेज, जो प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक प्रस्तावित है, अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मई-जून 2028 तक इस हिस्से का काम पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद शहरवासियों को आवागमन की नई सुविधा मिल सकेगी।

करीब 10 किलोमीटर लंबे इस पहले पैकेज में 10 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं। काम समयबद्ध तरीके से पूरा हो, इसके लिए सरकार के स्तर पर लगातार निगरानी की जाएगी। सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री खर्रा ने कहा कि सरकार जयपुर मेट्रो फेज-2 को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि जयपुर मेट्रो फेज-2 का निर्माण चार चरणों में पूरा किया जाएगा। पूरी परियोजना को वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि फेज-2 के मेट्रो स्टेशनों को हैरिटेज लुक में विकसित किया जाएगा, ताकि इन स्टेशनों पर जयपुर की समृद्ध शिल्पकला और पारंपरिक वास्तुकला की झलक दिखाई दे।

मंत्री ने मेट्रो स्टेशनों के आसपास ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट यानी टीओडी की योजना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास बहुमंजिला इमारतों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी। गौरतलब है कि पूर्व में जयपुर विकास प्राधिकरण टीओडी नीति के तहत पांच कॉरिडोर बना चुका है, जिनके अंतर्गत प्रमुख मार्गों पर हाईराइज इमारतें विकसित की जा सकेंगी।

जयपुर मेट्रो फेज-2 का काम चार पैकेज में पूरा किया जाएगा। पहला पैकेज प्रहलादपुरा से पिंजरापोल तक होगा। दूसरा पैकेज सांगानेर पुलिस स्टेशन और एयरपोर्ट के बीच रहेगा, जिसमें दो भूमिगत स्टेशन प्रस्तावित हैं। तीसरा पैकेज एयरपोर्ट से खासा कोठी तक और चौथा पैकेज खासा कोठी से टोडी मोड़ तक प्रस्तावित है।

कार्यक्रम स्थल परिसर में जयपुर मेट्रो फेज-2 का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया। इस मॉडल में करीब 41 किलोमीटर का पूरा रूट और प्रस्तावित स्टेशन दिखाए गए। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने मेट्रो फेज-2 के मॉडल को देखा और परियोजना की जानकारी ली।

जयपुर मेट्रो फेज-2 के पूरा होने से शहर के बड़े हिस्से को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे ट्रैफिक दबाव कम होने, आवागमन सुगम बनने और शहर के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Previous
Next

Related Posts