



100 परिजनों ने फलदार पौधे लगाकर उन्हें जीवित रखने की जिम्मेदारी ली
एलीट किटी ग्रुप की ओर से पर्यावरण उन्नयन के लिए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप से जुड़े करीब 100 परिजनों ने पौधे लगाकर उन्हें जीवित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
ग्रुप के प्रमोद गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर आम, जामुन और बादाम सहित विभिन्न फलदार पौधे ग्रहण किए गए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाता है, जब लगाए गए पौधों को नियमित पानी और देखभाल के साथ जीवित रखा जाए।
सुनील खंडेलवाल ने बताया कि ग्रुप से जुड़े परिवारों के करीब 100 सदस्य एक-एक पौधा लगाएंगे। साथ ही पौधों को जीवित रखने के लिए पानी और देखभाल की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।
गुप्ता परिवार की ओर से रेनू रमेश गुप्ता ने प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी पौधे निशुल्क उपलब्ध कराए। ये पौधे प्रतिवर्ष स्वर्गीय चिरंजीलाल जी गुप्ता की स्मृति में विभिन्न संस्थाओं और समाजजन को भेंट किए जाते हैं। रेनू गुप्ता ने कहा कि फलदार पौधे लगाने से न केवल ऑक्सीजन मिलती है, बल्कि भविष्य में फलों का उत्पादन भी बढ़ता है और पक्षियों व जीव-जंतुओं को भी लाभ मिलता है।
कार्यक्रम में गीता प्रमोद गुप्ता, रश्मि मनु जैन, भारत आभा गुप्ता, दिनेश सुनीता खंडेलवाल, राजू शोभा गुप्ता, ब्रजेश सुधा खंडेलवाल सहित अन्य सदस्यों ने पौधे ग्रहण किए और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़े रहने का संकल्प लिया।